रायपुर | छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (माशिमं) से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राजधानी रायपुर से जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। पेपर लीक होने के दावों और साइबर थाने में दर्ज FIR के बाद बोर्ड ने यह कड़ा कदम उठाया है।
क्या है पूरा मामला?
बीती 14 मार्च 2026 को प्रदेश भर में कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा खत्म होने के अगले ही दिन यानी 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार पत्रों में सेट ‘बी’ के प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें तेजी से वायरल होने लगीं। इन खबरों ने न केवल छात्रों की धड़कनें बढ़ा दीं, बल्कि शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मचा दिया।

जांच और FIR के बाद एक्शन
इन दावों की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तुरंत साइबर थाने में लिखित सूचना दी और सिटी कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई। आज, 23 मार्च 2026 को परीक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जांच रिपोर्ट और परिस्थितियों को देखते हुए समिति ने निर्णय लिया कि शुचिता बनाए रखने के लिए 14 मार्च को हुई परीक्षा को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है।
नई तारीख का ऐलान
बोर्ड द्वारा जारी आदेश क्रमांक 1520 के अनुसार, अब कक्षा 12वीं के हिंदी विषय की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। छात्र अपनी तैयारी फिर से शुरू कर दें, क्योंकि अब यह परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को संपन्न होगी।
नोट: सचिव, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि समस्त संभागीय कार्यालयों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है।















