भाजपा बोली- अजित पवार अपने गिरेबान में झांकें:डिप्टी सीएम का जवाब– जो सिंचाई घोटाले के आरोप लगाते थे, उनके साथ सत्ता में हूं

Must Read

मुंबई,एजेंसी। महाराष्ट्र में निकाय चुनावों के बीच महायुति गठबंधन (NDA) में आपसी झगड़े शुरू हो गए हैं। महाराष्ट्र सरकार में डिप्टी सीएम अजित पवार ने शुक्रवार को पिंपरी-चिंचवड़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा-

जिन लोगों ने कभी मुझ पर 70 हजार करोड़ के सिंचाई घोटाले जैसे आरोप लगाए थे, वही लोग आज मेरे साथ सत्ता में हैं। सिर्फ आरोप लगने से कोई व्यक्ति दोषी नहीं हो जाता है, जब तक अदालत में अपराध साबित न हो जाए।

अजित पवार भाजपा नेता मुरलीधर मोहोल के बयान पर बोल रहे थे। मोहोल ने कहा था- एनसीपी ऐसे उम्मीदवारों को टिकट क्यों दे रही है, जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अजित के तीखे जवाब से नाराज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने शनिवार को कहा-

अजित पवार अपनी गिरेबान में झांकें, अगर मैंने बोलना शुरू किया, तो वह मुश्किल में पड़ सकते हैं।

यह सियासी टकराव ऐसे समय पर सामने आया है, जब 15 जनवरी को पुणे नगर निगम चुनाव हैं। खास बात यह है कि राज्य सरकार में सहयोगी होने के बावजूद बीजेपी और एनसीपी नगर निकाय चुनाव अलग-अलग लड़ रही हैं। वहीं, अजित पवार की पार्टी शरद पवार गुट के साथ मैदान में है।

रवींद्र बोले- भाजपा भी ऐसे ही जवाब देगी तो अजित को दिक्कत होगी

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कहा कि अजित पवार क्या मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी पर शक कर रहे हैं? आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से किसी का भला नहीं होगा। अगर बीजेपी भी इसी तरह जवाब देने लगे, तो यह अजित पवार के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है।

राउत बोले- अजित NCP को शरद पवार की पार्टी में मर्ज करें

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा है कि अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP को शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) में विलय कर लेना चाहिए। संजय राउत ने सवाल उठाया कि जब अजित पवार खुद बीजेपी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, तो वे फिर महायुति सरकार में क्यों बने हुए हैं।

टाइमलाइन- NCP विभाजन और बाद की मुख्य घटनाएं

  • 29 जून 2023- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल में कहा कि एनसीपी पर 70 हजार करोड़ के घोटालों के आरोप हैं। को-ऑपरेटिव बैंक घोटाला, सिंचाई घोटाला, अवैध खनन घोटाला…इनकी लिस्ट भी बहुत लंबी है।
  • 30 जून 2023 – अजित पवार और उनके समर्थक विधायकों ने NCP से अलग होने का फैसला किया।
  • 2 जुलाई 2023 – अजित पवार ने अपने चाचा शरद पवार की NCP छोड़ दी और भाजपा-एकनाथ शिंदे नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इससे पार्टी दो हिस्सों में बंट गई।
  • 6 फरवरी 2024 – चुनाव आयोग ने आधिकारिक रूप से अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट को NCP (नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी) नाम और घड़ी चुनाव चिन्ह दिया। शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट का नाम नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) रखा गया। चुनाव आयोग ने पार्टी को तुरही (तुतारी ) बजाते हुए एक आदमी चुनाव चिह्न आवंटित किया।
  • 15 फरवरी 2024 – महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर ने अजित पवार गुट को असली NCP घोषित किया, क्योंकि उनके पास विधायिका में बहुमत था।
  • 2024 विधानसभा चुनाव – दोनों गुटों ने अलग-अलग चुनाव लड़े, महायुति में शामिल NCP (अजित पवार) ने 41 सीटें जीतीं। वहीं, महा विकास अघाड़ी (MVA) का हिस्सा NCP (शरद पवार) के हिस्से 10 सीटें आई थी।

अजित पवार ने 2 जुलाई 2023 को महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

महाराष्ट्र निकाय चुनाव- बिना वोट पड़े 68 कैंडीडेट निर्विरोध जीते

महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव की वोटिंग से 13 दिन पहले बीजेपी गठबंधन (महायुति) ने 68 सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर ली है। बीजेपी को 44 सीटें मिलीं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 22 सीटें अपने नाम कीं। वहीं अजीत पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के खाते में दो सीटें आईं।

नियमों के मुताबिक, अगर किसी सीट पर सिर्फ एक ही उम्मीदवार मैदान में रह जाता है और कोई दूसरा प्रत्याशी नामांकन नहीं करता या नाम वापस ले लेता है, तो उस उम्मीदवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाता है।

इन 68 सीटों पर भी यही स्थिति बनी, इसलिए मतदान कराने की जरूरत ही नहीं पड़ी। यानी अब 29 नगर निगम की बची हुई 2801 सीटों पर 15 जनवरी को वोटिंग होगी। नतीजे 16 जनवरी को आएंगे।

- Advertisement -
Latest News

नवागढ़ नगर पंचायत में एसीबी ने मारा छापा,लेखापाल प्रकाश जायसवाल को 8 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ाया, मरम्मत कार्य के बिल का चेक भुगतान...

नवागढ़ नगर पंचायत में एसीबी ने मारा छापा,लेखापाल प्रकाश जायसवाल को 8 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ाया, मरम्मत कार्य...

More Articles Like This