प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव की सहमति से हुई नियुक्ति, संगठन में खुशी की लहर
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने की दिशा में नगरीय निकाय प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी तथा संभाग प्रभारी-सहप्रभारी की घोषणा कर दी है। इस महत्वपूर्ण घोषणा में भाजपा के उर्जावान युवा नेता एवं वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए दुर्ग संभाग का प्रभारी तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंहदेव की सहमति से की गई है। संगठन द्वारा नरेन्द्र देवांगन पर जताए गए इस विश्वास को उनकी सक्रिय कार्यशैली, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान माना जा रहा है।
नरेन्द्र देवांगन लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी नई नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में दुर्ग संभाग में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा नगरीय निकाय प्रकोष्ठ को नई ऊर्जा और गति मिलेगी।
यह नियुक्ति भाजपा संगठन द्वारा युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।















