कोरबा। साइबर अपराध से आम नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने स्कूल-कॉलेज, गांव, बाजार, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए।
इन स्थानों पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम
थाना कोतवाली क्षेत्र के शासकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय इमलीडुग्गू, सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र के निहारिका, थाना दर्री क्षेत्र के सीपेट कॉलेज स्याहीमुड़ी, चौकी CSEB क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर बुधवारी, चौकी राजगामार, थाना श्यांग के ग्राम बरपाली, थाना हरदीबाजार के ग्राम चोड़हा और थाना दीपका क्षेत्र के KCC कैंप दीपका में नागरिकों एवं विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।
OTP, PIN और फर्जी लिंक से सावधान रहने की अपील
जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस ने OTP फ्रॉड, UPI फ्रॉड, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, जॉब फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड और फर्जी लिंक के बारे में जानकारी दी।
नागरिकों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान QR Code स्कैन करने और अज्ञात मोबाइल एप डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।
साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल
पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत मिलने पर ठगी की रकम को होल्ड कराने की कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।
“साइबर जागृति की एक सेल्फी” से जुड़ रहे लोग
अभियान के तहत “साइबर जागृति की एक सेल्फी” थीम के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है। पोस्टर, बैनर और QR Code के जरिए साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
कोरबा पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि स्वयं साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
📢 JB News Korba की ऐसी ही स्थानीय और महत्वपूर्ण खबरों के लिए चैनल को Subscribe करें, वीडियो को Like करें और अपनी राय Comment में जरूर बताएं।
















