कोरबा। कोरबा जिले के बालको मार्ग स्थित वाल्मीकि आश्रम के सामने संचालित देशी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों का विरोध लगातार जारी है। मंगलवार को बड़ी संख्या में लोगों ने शराब दुकान के सामने एकत्र होकर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया और प्रशासन से दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग दोहराई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आश्रम एवं धार्मिक स्थल के सामने शराब दुकान संचालित होने से श्रद्धालुओं, महिलाओं और बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि यहां आने-जाने वालों को शराबियों की गतिविधियों के कारण परेशानी होती है, जिससे धार्मिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि जब तक शराब दुकान को यहां से नहीं हटाया जाता, तब तक प्रत्येक मंगलवार को इसी तरह शांतिपूर्ण ढंग से हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध प्रदर्शन जारी रखा जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द उचित निर्णय लेने और शराब दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। फिलहाल इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।















