कोरबा. जिले के बांकी मोंगरा क्षेत्र के ढप-ढप मैदान में आज 31 मार्च को भव्य “दिव्य दरबार” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शामिल होंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजकों के अनुसार, यह दिव्य दरबार दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होगा, जहां लोग अपनी समस्याओं को लेकर “पेशी” लगाएंगे। दावा किया जा रहा है कि इस दरबार में पंडित धीरेंद्र शास्त्री लोगों की व्यक्तिगत, पारिवारिक और आध्यात्मिक समस्याओं का समाधान करेंगे। विशेष रूप से प्रेत बाधा, नकारात्मक शक्तियों और अज्ञात कष्टों से मुक्ति दिलाने का भी दावा किया जा रहा है, जिसके चलते दूर-दूर से लोग यहां पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं
बताया जा रहा है कि “सन्यासी बाबा” के रूप में प्रसिद्ध धीरेंद्र शास्त्री इस दौरान कथित रूप से बिना बताए लोगों की समस्याएं जानकर उनका समाधान बताते हैं, जिसे लेकर उनके अनुयायियों में गहरी आस्था है। वहीं, इस तरह के आयोजनों को लेकर समाज में अलग-अलग मत भी देखने को मिलते हैं, जहां कुछ लोग इसे श्रद्धा और विश्वास से जोड़कर देखते हैं, तो कुछ लोग इसे अंधविश्वास मानते हैं
आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भीड़ को नियंत्रित करने, पार्किंग, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए समिति द्वारा विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके
इस आयोजन को लेकर बांकी मोंगरा समेत आसपास के क्षेत्रों में व्यापक चर्चा बनी हुई है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।















