कोरबा बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत हसदेव नदी में मछली पकड़ने गए एक मछुआरे की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखलाल धनवार (50 वर्ष), पिता स्व. बुधराम धनवार, निवासी तराईडांड सोनगुड़ा के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार सुखलाल रोज की तरह दोपहर करीब 2 बजे नाव लेकर मछली पकड़ने निकला था। वह आमतौर पर शाम 7 बजे तक घर लौट आता था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसका पुत्र शिव धनवार अपने भाइयों के साथ उसकी तलाश में निकला।

खोज के दौरान नदी किनारे पानी में सुखलाल का शव मिला, जहां केवल सिर के बाल दिखाई दे रहे थे, जबकि उसकी नाव बहकर दूर चली गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















