कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुरी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत रसोइए ने छठवीं कक्षा के मासूम छात्र पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।जानकारी के अनुसार, छात्रावास में पदस्थ रसोइया केसर दुबे शराब के नशे में धुत होकर छात्रावास पहुंचा और वहां रह रहे कक्षा 6वीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे छात्र की आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट आई। गनीमत रही कि समय रहते अन्य छात्रों और स्टाफ की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया और छात्र की जान बच गई।बताया जा रहा है कि घटना के समय छात्रावास अधीक्षक छुट्टी पर थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
घायल छात्र को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसके पिता उसे घर ले गए।घटना के बाद छात्रों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका आरोप है कि रसोइया केसर दुबे लंबे समय से छात्रों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करता आ रहा था, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अधीक्षक की अनुपस्थिति में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई, जिसका नतीजा यह गंभीर घटना है।स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए आरोपी को सेवा से बर्खास्त करने और छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इधर, छात्रावास अधीक्षक की शिकायत के आधार पर कटघोरा पुलिस ने आरोपी रसोइया को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।इस घटना ने एक बार फिर छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब प्रशासन को जल्द देना होगा।















