कोरबा। सावन माह के पावन अवसर पर हसदेव नदी के तट पर स्थित माँ सर्वमंगला मंदिर में सोमवार को भव्य सामूहिक महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। यह आयोजन नमः आयोजन समिति की ओर से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


इस विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं ने 108 पार्थिव शिवलिंगों का विधिवत अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजते मंदिर परिसर में भक्तों की आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई और दोपहर 2 बजे तक चला। इसके उपरांत मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का प्रसाद ग्रहण किया।

इस आयोजन में विशेष रूप से नमन पांडे, मयंक पांडे और कान्हा अग्रवाल की सक्रिय भागीदारी रही। स्थानीय श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को सावन माह का एक विशेष पर्व बताया और भगवान शिव की कृपा प्राप्ति हेतु इसे अत्यंत पुण्यदायक माना।

इस तरह सावन के सोमवार को माँ सर्वमंगला मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का भावपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त रहा।


















