कोरबा, 06 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को कोरबा के कोहड़िया स्थित अपने निवास पर पार्टी का ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रवादी विचारधारा और संगठन के प्रति अपने संकल्प को दोहराते हुए पार्टी के मूल्यों को नमन किया।
मंत्री देवांगन ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सेवा, समर्पण, अंत्योदय और सुशासन के मूल मंत्र के साथ देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल एक राजनीतिक संगठन की स्थापना का स्मरण नहीं है, बल्कि यह उस वैचारिक यात्रा का उत्सव है, जो हर कार्यकर्ता को राष्ट्रहित में समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की विचारधारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की प्रतिबद्धता पर आधारित है और इसी संकल्प के साथ कार्यकर्ता लगातार राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
मंत्री देवांगन ने इस अवसर पर सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और राष्ट्रसेवकों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहें।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को व्यक्त किया।















