कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र में स्कूली छात्रों का ग्रुप 3 स्कॉर्पियो में सवार होकर स्टंट करते नजर आए हैं। चलती गाड़ी की खिड़की से बाहर निकलकर झूमते हुए किसी ने रील बनाया, तो कोई सेल्फी लेता नजर आया। इस दौरान लड़कियों ने भी जुल्फें लहराईं और पोज दिए। बाद में पंजाबी गाने के साथ वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। जब वीडियो वायरल हुआ तो, पुलिस एक्शन मोड पर आई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा अनिल पटले के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में सिविल लाइन थाना प्रभारी नवीन पटेल ने पुलिस वायरल वीडियो में दिख रहे नंबर प्लेट की आधार पर जांच-पतासाजी की। शाम होते तक पूरा घटनाक्रम का पता चल गया।
छात्रों ने 3 नहीं बल्कि 4 काले रंग का स्कॉर्पियो का उपयोग किया था।
जिसमें सामने चल रहे स्कॉर्पियो से रील्स बनाई गई थी, उस गाड़ी में भी छात्र सवार थे जिन्होंने स्टंटबाजी की थी। पुलिस ने चारों स्कॉर्पियो को पकड़कर जब्त कर लिया, वहीं उनके ड्राइवरों के खिलाफ कार्यवाही कर दी। पुलिस की त्वरित व सख्त कार्यवाही की लोगों ने सराहना की है।

12वीं के बच्चे, मना रहे थे फेयरवेल पार्टी
वायरल वीडियो कुछ दिन पहले की है और स्टंटबाजी करने वाले छात्र एक स्कूल के 12वीं के छात्र है जो फेयरवेल पार्टी मनाने निकले थे इस दौरान उन्होंने काले रंग की 4 स्काॅर्पियो बुक कराई थी जिसमें घुमने निकले थे। तब चलती गाड़ी के दोनों दरवाजों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आए। वहीं, एक युवक वाहन चलते समय मोबाइल से सेल्फी लेते हुए भी दिखाई दिया।
होटल में केक काटते और डांस करते हुए स्टूडेंट्स का वीडियो भी सामने आया है।

स्टंटबाजी और केक काटने पर हाईकोर्ट की सख्ती

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्टंटबाजी, बर्थ-डे सेलिब्रेशन और केक कटिंग के इन मामलों पर स्वत: संज्ञान लेकर राज्य शासन से जवाब मांगा था। हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद शासन की ओर से जवाब प्रस्तुत करते हुए कहा गया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और स्टंट में शामिल गाड़ियों को जब्त किया है। ऐसे मामले में हाईकोर्ट सख्त है।















