कोरबा 27 जून 2025। कोरबा में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में राजनेता राजनीति करने से बाज नही आये। यहां रथयात्रा में शामिल होने पहुंचे पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सार्वजनिक मंच से जिले और छत्तीसगढ़ की उन्नति की कामना की। इस दौरान जयसिंह अग्रवाल ने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन की मौजूदगी में तंज कसते कहा कि….“भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करते है कि कोरबा को सुख-समृद्धि दे, उन्नति दे, तरक्की दे और भगवान यहां कोरबा को लूटने वालों से बचाये।” पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के इस राजनीति बयान के बाद मंत्री लखनलाल देवांगन ने भी पलटवार करते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में हुए घोटालों को गिना दिया।
गौरतलब है कि आज पूरे देश में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जा रही है। छत्तीसगढ़ में भी उड़ीसा के पुरी के तर्ज पर भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकालकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की जा रही है। कोरबा जिला के ग्राम दादर खुर्द में इस वर्ष भी धूमधाम से रथयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। इस रथ यात्रा में शामिल होने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी पहुंचे थे। मौजूदा मंत्री देवांगन जब मंदिर के अंदर आरती कर रहे थे।
तभी पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मंच पर माइक संभाली और क्षेत्र की जनता को संबोधित करना शुरू किया। रथयात्रा में शामिल होने पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के बीच पूर्वमंत्री जयसिंह अग्रवाल ने पहले तो दादर में वर्षो पुरानी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा और उनकी प्रसिद्धि की जानकारी दी। मंच से भाषण के दौरान ही जयसिंह अग्रवाल ने बगैर किसी का नाम लिये तंज कसते हुए कहा कि…..“भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करते है कि कोरबा को सुख-समृद्धि दे, उन्नति दे, तरक्की दे और यहां जो कोरबा को लूटने वालों से भगवान बचाये।”
पूर्वमंत्री जयसिंह अग्रवाल के इस बयान के बाद राजनीति गरमा गयी। रथयात्रा में शामिल होने पहुंचे उद्योग मंत्री से जब पूर्वमंत्री के बयान पर सवाल किया गया, तो उन्होने पूर्ववर्ती सरकार में हुए घोटालों को गिना दिया। लखनलाल देवांगन ने कहा कि…..“जयसिंह अग्रवाल कांग्रेस सरकार में हुए कोयला घोटाला, शराब घोटाला, कोरबा में राख घोटाला के संबंध में कुछ क्यों नही बोलते है ? मंत्री देवांगन ने पलटवार करते कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में जितने घोटाले और भ्रष्टाचार हुए सरकार उनकी जांच कर लगातार कार्रवाई कर रही है। आने वाले दिनों में और भी लोगों पर एक्शन होगा।















