Tuesday, February 17, 2026

KORBA:कलेक्टर की सख्ती,रेत माफियाओं में खलबली,सीतामणी में डेरा डाला अमले ने,देखिए विडिओ

Must Read

अवैध रेत से जुड़े व भाजपा नेता एप्रोच लगवाते-फोन कराते नजर आए

कोरबा। मानसून प्रारंभ होते ही रेत के खनन और परिवहन पर एनजीटी द्वारा लगाए गए प्रतिबंध और राज्य सरकार द्वारा दिए गए सख्त निर्देश के परिपालन में कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत ने सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर की सख्ती के बाद अब तक शांत बैठा टास्क फोर्स हरकत में आया है।

आज गुरुवार को सीतामढ़ी इलाके में काफी खलबली मची रही, जब बारिश की फुहारों के बीच यहां राजस्व अधिकारियों, खनिज अधिकारियों और पुलिस विभाग की टीम ने अलग-अलग जगह पर मौजूद रहकर रेत का अवैध परिवहन व खनन के कार्य में लगे लोगों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई प्रारंभ की। सीतामढ़ी घाट से रेत का अवैध खनन और परिवहन बदस्तूर चल रहा है लेकिन प्रतिबंध अवधि में इस तरह की किसी भी कार्यवाही को बर्दाश्त नहीं करने की हिदायत कलेक्टर ने दे दी है। साथ ही उन्होंने टास्क फोर्स और अधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि संयुक्त रूप से कार्यवाही की जाए।इसके परिपालन में आज राजस्व अधिकारियों की टीम सीतामढ़ी घाट तक पहुंची लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही यहां खनन में लगी करीब 4 से 5 जेसीबी दूसरे रास्ते से भाग निकलने में पूर्व की तरह सफल हो गई। अमले के हाथ रेत खनन में उपयोग लाए जाने वाले जेसीबी तो समाचार लिखे जाने तक नहीं लगे लेकिन रेत परिवहन में लगे कुछ ट्रैक्टरों को जरूर पकड़ा गया। इसी तरह यातायात अमले को बुलाकर सीतामढ़ी मार्ग के किनारे रेस्ट हाउस के सामने खड़े रहने वाले दर्जनों ट्रैक्टरों को उठवाने की भी कार्रवाई की गई जिन्हें चालाकीपूर्वक लॉक कर लोग दाएं-बाएं हो लिए। बताया जा रहा है कि इन सभी ट्रैक्टरों को जप्त कर कोतवाली परिसर में रखवाया जा रहा है।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान शहर में सिंडिकेट बनाकर रेत की चोरी और अवैध खनन, परिवहन,भंडारण का काम करने वाले लोगों में खलबली मची रही। इनमें शामिल एक भाजपा नेता भी रेत के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है और यह लोग अमले के मौजूद अधिकारियों को भाजपा नेताओं से बात करने की एप्रोच लगाते रहे। अब वे लोग इसमें कितना सफल हो पाए हैं यह तो अधिकारी ही जानें लेकिन सूत्र बताते हैं कि कुछ वाहनों को छोड़ा गया जबकि अधिकांश की जप्ती बनाई जा रही है। समाचार के लिखे जाने तक इस तरह की कार्रवाई चल रही है और आधिकारिक तौर पर विस्तृत ब्यौरा की प्रतीक्षा है।

अवैध भण्डारण पर भी कार्रवाई तेज होगी

भिलाईखुर्द में आज की तस्वीर

बताया जा रहा है कि अवैध रेत खनन व परिवहन के साथ-साथ बिना अनुमति के अवैध रूप से रेत भंडारण के स्थलों पर भी दबिश दी जा सकती है। जिले के भिलाईखुर्द से लेकर बांकीमोगरा, कटघोरा प्रमुख इलाकों के अलावा ग्रामीण अंचलों में भी कुछ लोगों के द्वारा शासकीय और निजी जमीनों पर बिना अनुमति रेत का अवैध भंडारण करके रखा गया है। ऐसे नामचीन अवैध भंडारण स्थलों के बारे में खनिज विभाग के लोगों को सारी जानकारी होने की संभावना है क्योंकि पूर्व में इन स्थानों पर दबिश दे चुके हैं। टास्क फोर्स को अपना दायरा बढ़ाते हुए ऐसे अवैधानिक भंडारण की रेत जप्ती और सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता है तभी राज्य सरकार की मंशा इस तरह की कार्रवाई के मामले में पूरी होती नजर आएगी।

कल अवैध परिवहन में संलग्न 14 वाहनों को किया जप्त

इसी कड़ी में राज्य शासन के मंशानुरूप बुधवार को जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण व विक्रय पर रोक लगाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सतत कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन में खनिजों के अवैध तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण लगाने हेतु गठित टास्क फोर्स टीम द्वारा चिन्हांकित संवेदनशील क्षेत्रो, रेत घाटों पर निगरानी रखते हुए नियमित क्षेत्र भ्रमण कर तस्करों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है।
इसी कड़ी में बुधवार को खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा रेत के अवैध परिवहन की जांच के दौरान ग्राम बरमपुर सर्वमंगला क्षेत्र में 1 टिप्पर, कोरबा, कुसमुंडा, पाली क्षेत्र में 1-1 ट्रेक्टर, उरगा क्षेत्र में 2 ट्रेक्टर, 2 टिप्पर, कटघोरा क्षेत्र में 03 ट्रेक्टर, जिल्गा(करतला) क्षेत्र में 3 ट्रेक्टर सहित कुल 14 वाहन रेत के अवैध परिवहन में संलग्न पाया गया। खनिज अधिनियम के तहत जप्त कर समीपस्थ थाना परिसर एवं खनिज जांच चौकी में आगामी आदेश पर्यन्त तक खड़ा कराया गया है। खनिज नियमों के तहत आगे की कार्रवाही सुनिश्चित की जाएगी।

- Advertisement -
Latest News

मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़, मिली डरा देने वाली चीजें, हाल देख पुलिस के भी उड़े होश

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के हल्दी थाना क्षेत्र के गुंडरदेही इलाके के माहुद बी गांव में एक मासूम बच्ची...

More Articles Like This