कोरबा: पुरानी रंजिश में राशन व्यापारी की कार फूँकी, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपी गिरफ्तार

Must Read

कोरबा | शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्री मुख्य मार्ग पर मंगलवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने सरेराह गुंडागर्दी करते हुए एक थोक राशन व्यापारी की कार को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वारदात का विवरण

जानकारी के अनुसार, घटना 16 दिसंबर की देर रात की है। दर्री मुख्य मार्ग पर स्थित आशीष अग्रवाल की थोक राशन दुकान के बाहर उनकी कार खड़ी थी। तभी तीन युवक पैदल वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए कार पर डिब्बे से पेट्रोल छिड़क दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आरोपियों ने माचिस मारकर कार में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी से खुला राज, तीन गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी साफ तौर पर वारदात को अंजाम देते और दुकान संचालक को धमकाते नजर आए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर रामसागर पारा निवासी तीन युवकों को हिरासत में लिया:

  1. शिव बंजारे उर्फ दिल्ली (24 वर्ष)
  2. चंदन गोड (23 वर्ष) – (आदतन अपराधी)
  3. संतोष केवट उर्फ मोटू

पुरानी रंजिश बनी आगजनी की वजह

पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपी पहले आशीष अग्रवाल की दुकान में ही काम करते थे। किसी बात को लेकर उनका संचालक से विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्हें काम से निकाल दिया गया था। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से इस घटना को अंजाम दिया।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

- Advertisement -
Latest News

स्वतंत्रता दिवस पर मदरसा दारुल उलूम रिज़वीया में ध्वजारोहण

कोरबा। टीपी नगर स्थित मदरसा दारुल उलूम रिजविया में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण एवं देशभक्ति कार्यक्रम का...

More Articles Like This