कोरबा 16 मार्च। प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला कोरबा द्वारा महिला शक्ति के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी की अध्यक्षता एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमति प्रीती स्वर्णकार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमति विभा अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कोरबा महापौर श्रीमति संजू देवी राजपूत, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी विद्या पांडेय, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बी.डी. शर्मा, प्रदेश प्रमुख स्व सहायता समूह सत्य लता मिरी, जिला महामंत्री स्वाति सिंह, अनसूईया राठौर तथा नीरज ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद खेल, विधि, साहित्य व विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि विभा अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं देती, बल्कि उन्हें नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में समान अवसर भी प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनसे देश की मातृशक्ति आत्मनिर्भर बन रही है। केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भाजपा में महिलाओं को संगठन और शासन दोनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाती हैं। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ती जा रही है और यही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा ही ऐसा राजनीतिक संगठन है, जिसने महिलाओं को हर स्तर पर नेतृत्व का अवसर प्रदान किया है। चाहे संगठनात्मक जिम्मेदारी हो, जनप्रतिनिधित्व हो या समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान-हर जगह महिलाएं मजबूती के साथ अपनी भूमिका निभा रही हैं।















