कोरबा।कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने केंद्र सरकार के बजट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता, बल्कि बड़े व्यापारिक घरानों को लाभ पहुंचाने वाला है। उनके अनुसार मध्यमवर्गीय परिवारों, किसानों और युवाओं के लिए यह बजट निराशाजनक साबित हुआ है।
सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को बजट में नजरअंदाज किया गया है, जबकि चुनावी राज्यों पर विशेष फोकस किया गया है। यह केंद्र सरकार की असंतुलित प्राथमिकताओं को दर्शाता है। उन्होंने बेरोजगारी को देश की गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि बजट में रोजगार सृजन के लिए ठोस और प्रभावी प्रावधानों का अभाव है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, कृषि संकट दूर करने और युवाओं को रोजगार देने जैसे अहम मुद्दों पर बजट पूरी तरह मौन है। मध्यम वर्ग की बढ़ती महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास से जुड़ी समस्याओं पर भी कोई ठोस राहत नहीं दी गई है।
रेल यात्रियों के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि एक बार फिर आम रेल यात्रियों को छलने की कोशिश की गई है। न तो यात्री सुविधाओं के विस्तार की स्पष्ट योजना है और न ही किराए में राहत की कोई घोषणा की गई है।
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से सवाल किया कि वे देश की जनता को स्पष्ट करें कि इस बजट में आम और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आखिर क्या खास है।















