कोरबा | JB News | मनीष जायसवाल की रिपोर्ट
कोरबा जिले के वार्ड क्रमांक 2, सर्वमंगला रोड पटेल पारा में एक बेहद चौंकाने वाली और डरावनी घटना सामने आई है। गुरुवार रात करीब 3:00 बजे, एक अज्ञात व्यक्ति ने क्षेत्र में कई घरों के दरवाजों पर जोर-जोर से मारपीट शुरू कर दी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।
खासकर एक घर, जहां रतनलाल श्रीवास और उनकी पत्नी सविता श्रीवास चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं, वहां पर यह व्यक्ति बार-बार दरवाजे को पीटता रहा। महिला द्वारा खिड़की से देखने पर जब उसने शोर मचाया और “चोर-चोर” चिल्लाई, तो भी कोई मदद के लिए सामने नहीं आया। इसके बाद महिला ने जब उसे 112 डायल करने की चेतावनी दी, तब जाकर वह संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद, JB News के पत्रकार मनीष जायसवाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। दरवाजे पर स्पष्ट रूप से मारपीट के निशान देखे गए और दरवाजे को क्षति भी पहुंचाई गई थी। उन्होंने पीड़ित दंपत्ति को कोतवाली थाना भी पहुंचाया, जहां इस घटना की शिकायत दर्ज करवाई गई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वार्ड में पहली बार ऐसा नहीं हुआ है। लगातार कुछ दिनों से इस तरह की गतिविधियाँ देखी जा रही हैं, जिससे पूरा इलाका भय के साये में है।

JB News कोरबा पुलिस प्रशासन से मांग करता है कि इस घटना की गंभीरता से जांच की जाए और इस तरह की घटनाओं में लिप्त अज्ञात व्यक्ति की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।















