कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोंगरा स्थित ग्राम ढपढप में आयोजित श्री हनुमंत कथा के चौथे दिन मंगलवार को एक बड़ा ‘घर वापसी’ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में बेमेतरा जिले के कोदवा निवासी मोहम्मद अनवर अली ने अपने पूरे परिवार के साथ स्वेच्छा से सनातन धर्म स्वीकार किया।
धर्म परिवर्तन के पश्चात मोहम्मद अनवर अली का नया नाम आदर्श दास रखा गया है। उनके साथ उनकी पत्नी हसीना और उनके दो बेटों, सैफ अली और शमद खान ने भी हिंदू धर्म अपनाया। कथा वाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम) ने मंच पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल छिड़ककर परिवार का शुद्धिकरण किया। उन्होंने पूरे परिवार का तिलक वंदन कर और पटुका पहनाकर उन्हें आशीर्वाद दिया।
आदर्श दास (पूर्व नाम अनवर) ने इस अवसर पर कहा कि बचपन से ही उनका झुकाव और जुड़ाव हिंदू समाज व संस्कृति के प्रति रहा है, जिसके चलते उन्होंने सपरिवार यह निर्णय लिया। पंडित शास्त्री ने उनके इस कदम की सराहना की और समाज से इस परिवार के सहयोग का आह्वान किया।
मंगलवार को आयोजित इस वृहद कार्यक्रम में बताया गया की कुल 543 लोगों की सनातन धर्म में वापसी कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।















