रंजिश या व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केशलपुर में आज सुबह भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े निर्मम हत्या से जिले सहित पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई है। सड़क निर्माण स्थल पर निरीक्षण के दौरान अज्ञात कार सवार हमलावरों ने टंगिया सहित अन्य हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस घटना से क्षेत्र में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश व्याप्त है।
बिलासपुर आईजी पहुंच रहे घटनास्थल
डॉ. संजीव शुक्ला बिलासपुर से कटघोरा के लिए रवाना हो चुके हैं और वे मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे। वहीं कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और साइबर टीम घटनास्थल पर मौजूद रहकर जांच में जुटी हुई है।
PMGSY सड़क कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे अक्षय गर्ग
प्राप्त जानकारी के अनुसार अक्षय गर्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए साइट पर पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जनपद सदस्य और प्रतिष्ठित ठेकेदार थे अक्षय गर्ग
मृतक अक्षय गर्ग बिंझरा क्षेत्र से जनपद सदस्य रह चुके थे और कटघोरा क्षेत्र के प्रतिष्ठित ठेकेदार के रूप में भी उनकी पहचान थी।
भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे,
पुलिस इस हत्याकांड की जांच व्यक्तिगत रंजिश, व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और ठेकेदारी विवाद समेत कई बिंदुओं पर कर रही है। अज्ञात हमलावरों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर नाकेबंदी और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
व्यापारियों में उबाल, कटघोरा बंद
इस जघन्य हत्या के विरोध में कटघोरा शहर के व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं। पूरा बाजार बंद है और व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
क्षेत्र में तनाव, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
घटना के बाद कटघोरा क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।















