कोरबा। भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर देशभर में छह माह तक ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने प्रेस वार्ता में बताया कि अभियान के तहत जिला, मंडल और बूथ स्तर पर व्यापक जनसंपर्क एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कलश यात्राएं, समरसता संवाद, सामाजिक सद्भाव कार्यक्रम, संत गुरु रविदास जी के जीवन एवं विचारों पर संगोष्ठियां तथा विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न मंडलों में 650 मंदिरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
कटघोरा विधायक प्रेमचंद्र पटेल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समता, सद्भाव और मानव सेवा का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर गुरु रविदास जी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, डॉ. विजय राठौर, राजेश लहरे, नवीन अरोड़ा, शैलेंद्र यादव, संजय राठौर, नीरज ठाकुर, अजय चंद्रा, प्रदीप सिंह एवं उदय श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।















