अंबिकापुर के महामाया प्रवेश द्वार के पास हुई महिला की रेप और हत्या के आरोपी को एमसीबी जिले के चिरमिरी से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के गिरफ्तारी की सूचना पर अंबिकापुर पुलिस चिरमिरी के लिए रवाना हो गई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने 35 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार जूझ रही थी। उसे आखिरी बार रेलवे स्टेशन के पास देखा गया था।
बता दें कि, अंबिकापुर के रिंगरोड से लगे मटन शॉप में 2-3 अप्रैल की रात महिला की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। महिला के प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक की बोतल मिली। उसके पसली की 12 हड्डियां टूटी हुई थी और फेफड़े और दिल फट गए थे। सिर में गहरे चोट के निशान थे। हत्या के बाद आरोपी की शिनाख्त कर ली गई थी जो फरार हो गया था।
सड़क किनारे मटन शाप में मिली थी महिला की लाश
सड़क किनारे मटन शाप में मिली थी महिला की लाश
आठवें दिन चिरमिरी से पकड़ा गया आरोपी
महिला की रेप के बाद हत्या के आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में की गई है। आरोपी पहले भी महिला के साथ घूमता था और उसके घर भी आता जाता था। दोनों साथ में कबाड़ भी बीनते थे। पकड़ा गया आरोपी मूलतः प्रतापपुर का निवासी है। वह करीब 7 सालों से अंबिकापुर में रह रहा था। नृशंस हत्या को अंजाम देने के बाद उसने महिलाओं से तंबाखू मांगकर खाया था। इसके बाद उसकी CCTV फूटेज अंबिकापुर के रेलवे स्टेशन के पास मिली थी।
गिरफ्तारी के लिए लगातार कोशिश में लगी थी पुलिस
गिरफ्तारी के लिए लगातार कोशिश में लगी थी पुलिस
सरगुजा आईजी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार एवं सरगुजा एसएसपी ने 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। आरोपी को सिलफिली के पास देखे जाने की सूचना पर ड्रोन कैमरे से भी तलाशी की जा रही थी। पुलिस ने पूरे संभाग के सभी थानों में आरोपी का फोटो और स्कैच भी भेजा था। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें बनाई थी।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जूझ रही पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली। आरोपी को एमसीबी पुलिस ने चिरमिरी से धर दबोचा। इसकी सूचना सरगुजा पुलिस को दी गई। सूचना पर सरगुजा पुलिस चिरमिरी के लिए रवाना हो गई है।
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने इसकी पुष्टि की है। बताया गया है कि आरोपी को आज अंबिकापुर लाया जाएगा।
कांग्रेस कर रही लगातार प्रदर्शन
घटना के विरोध में कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही थी। बुधवार को कांग्रेस ने कैंडल मार्च भी निकाला था और धरना प्रदर्शन भी किया गया था।















