कोरबा। छत्तीसगढ़ अमेच्योर खो-खो एसोसिएशन द्वारा आयोजित की जा रही जूनियर स्टेट खो-खो चैंपियनशिप (बॉयज) के लिए कोरबा जिले के उरगा स्थित आर्यन पब्लिक स्कूल के 8 प्रतिभाशाली छात्रों का चयन हुआ है। यह चयन जिले में हुए इंटर-स्कूल खो-खो प्रतियोगिता के आधार पर किया गया है।
विद्यालय के उप-प्राचार्य ए.के. सिंह ने बताया कि कोरबा जिला स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आर्यन पब्लिक स्कूल के खेल शिक्षक सुनील कुमार यादव के कुशल मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत के फलस्वरूप स्कूल के 8 छात्र राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाने में सफल रहे।
श्री सिंह ने इसे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि एक साथ इतने बड़े संख्या में छात्रों का राज्य स्तर पर चयन होना, संस्था की शैक्षणिक के साथ-साथ खेल व सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव को दर्शाता है।
विद्यालय के चेयरमैन विशाल अग्रवाल, डायरेक्टर श्रीमती स्मिता अग्रवाल,प्राचार्य भूपेन्द्र कुमार पाण्डेय तथा समस्त स्टाफ ने चयनित सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी और आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
आर्यन पब्लिक स्कूल उरगा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह केवल पढ़ाई ही नहीं, खेल के मैदान में भी अव्वल है।
















