कोरबा– अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय योग संस्थान द्वारा रानी रोड स्थित गायत्री स्कूल परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक मंत्र साधना से हुई, जिससे सम्पूर्ण वातावरण योगमय हो गया।
इस अवसर पर भारतीय योग संस्थान की क्षेत्रीय प्रमुख एवं वरिष्ठ योग प्रशिक्षिका आभा अग्रवाल ने कहा कि “योग से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है, जो सामाजिक एकता के लिए एक महत्वपूर्ण रसायन का कार्य करता है।” उन्होंने योग को शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक बल का स्रोत बताते हुए नियमित अभ्यास को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें प्रमुख अतिथियों के रूप में केसरवानी महिला समिति की अध्यक्ष बिंदु केशरवानी, संरक्षिका शोभा केसरवानी, इनरव्हील क्लब की पूर्व अध्यक्ष ज्योति जुनेजा एवं आगामी अध्यक्ष नीतू अरोरा, मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा की अध्यक्ष दुर्गा बजाज एवं पूर्व अध्यक्ष सुमन अग्रवाल, वी क्लब डबरा की वरिष्ठ सदस्य मंजू अग्रवाल तथा संस्थान की वरिष्ठ योग साधिकाएं प्रेमलता अग्रवाल, आशा बुधिया, आशा जाजोदिया, शारदा अग्रवाल और सुधा मोदी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान योग आधारित नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। योगाभ्यास सत्र का संचालन योग शिक्षिकाओं – कंचन जायसवाल, अंजलि केसरवानी, एकता अग्रवाल, रंजना मित्तल, दीपा, रश्मि सोनी, किरण बोंदिया, पिंकी पौदार एवं ज्योति भिमानीयां ने किया।
योग दिवस की जानकारी देते हुए बताया गया कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2014 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया था, जिसका पहला आयोजन 2015 में हुआ। तब से हर वर्ष इस दिन को दुनिया भर में योग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए मनाया जाता है।
वर्ष 2025 की थीम रही – “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग”, जो यह संदेश देती है कि योग न केवल व्यक्ति बल्कि सम्पूर्ण विश्व के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।















