रायपुर। रायपुर में 22 फरवरी 2026 को रामा वर्ल्ड में प्रस्तावित ‘बिस्मिल की महफिल टेक्नो म्यूजिक कार्यक्रम’ को लेकर चल रहे विवाद के बीच आयोजकों ने बड़ा फैसला लिया है। आयोजकों ने स्पष्ट कर दिया है कि अभिनेत्री सनी लियोनी इस नाइट डीजे पार्टी में शामिल नहीं होंगी।
अभिनेत्री के कार्यक्रम में शामिल होने की खबर सामने आने के बाद विरोध तेज हो गया था। विशेष रूप से बजरंग दल के विरोध के बाद यह निर्णय सामने आया। संगठन के कार्यकर्ताओं का दावा है कि आयोजकों ने स्वयं उन्हें सनी लियोनी के कार्यक्रम में नहीं आने की जानकारी दी है।
पोस्टर वायरल, फिर शुरू हुआ बवाल
कार्यक्रम का टीज़र और फ्री एंट्री पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तूल पकड़ने लगा। सनी लियोनी के रायपुर आने का अनाउंसमेंट वीडियो भी तेजी से शेयर हुआ। इसके बाद बजरंग दल ने इसे संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
संगठन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था कि “राम जी के ननिहाल छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह की अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” साथ ही चेतावनी दी गई थी कि कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया तो उग्र विरोध किया जाएगा।
पुलिस की एंट्री, अनुमति पर सवाल
इस बीच कार्यक्रम को लेकर एक और अहम जानकारी सामने आई है। तारकेश्वर पटेल (एडिशनल डीसीपी, रायपुर मध्य) ने स्पष्ट किया कि सनी लियोनी के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए रायपुर पुलिस से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई है।
उन्होंने कहा कि बिना अनुमति यदि कोई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तो संबंधित आयोजकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस बयान के बाद कार्यक्रम की वैधता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
शहर में बंटी राय
इस पूरे मामले को लेकर शहर में दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक वर्ग इसे महज मनोरंजन का कार्यक्रम मानते हुए विरोध को अनावश्यक बता रहा था, जबकि दूसरा वर्ग इसे सामाजिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए आयोजन रद्द करने की मांग कर रहा था।















