कोरबा। प्रदेश सरकार द्वारा 33 जिलों के लिए 112 के 300 से अधिक वाहन की सौगात दी है। जिससे आपातकाल सेवा में मदद मिलेगी। । इसी कड़ी में जिले में आपातकालीन सेवाओं को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। “छत्तीसगढ़ डायल-112 फेज-II (नेक्स्ट जेन)” योजना के तहत कोरबा जिले को 22 नई अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल्स (ERVs) मिली हैं। इन वाहनों कोबुधवार को कैबिनेट मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रदेश स्तर पर शुरू की गई इस योजना के अंतर्गत राज्य के सभी 33 जिलों में कुल 400 आधुनिक डायल-112 वाहनों को शामिल किया गया है। इन वाहनों का शुभारंभ 18 मई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साव, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया था।
कोरबा जिले में शामिल किए गए नए डायल-112 वाहनों में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। इनमें PTZ कैमरा, डैश कैमरा, GPS, MDT सिस्टम और स्मार्ट मोबाइल डिवाइस जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इन तकनीकों की मदद से पुलिस टीम घटनास्थल तक तेजी से पहुंच सकेगी और लोगों को त्वरित सहायता मिलेगी।
नई व्यवस्था में पुलिस, चिकित्सा सेवा, अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन और महिला हेल्पलाइन जैसी विभिन्न आपातकालीन सेवाओं को एकीकृत किया गया है। इससे नागरिकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर तेज और समन्वित सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
वाहनों को रवाना करने के दौरान प्रेमचंद पटेल, कुणाल दुदावत, सिद्धार्थ तिवारी, संजू देवी राजपूत और पवन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन के अनुसार डायल-112 फेज-II लागू होने के बाद जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा। साथ ही सड़क दुर्घटना, अपराध, आगजनी, महिला सुरक्षा और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को पहले से ज्यादा तेज और बेहतर मदद मिल पाएगी















