कोरबा। नगर पालिका निगम कोरबा क्षेत्र में संचालित कबाड़ दुकानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार सुबह सबसे पहले निगम की तोड़ू टीम राताखार बस्ती पहुंची, जहां कबाड़ व्यवसायियों द्वारा किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
नगर निगम की टीम इसके बाद मुड़ापार सहित अन्य क्षेत्रों में संचालित कबाड़ दुकानों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है। जिन स्थानों पर अवैध रूप से निर्माण कर व्यवसाय किया जा रहा था, वहां तोड़फोड़ कर अतिक्रमण हटाया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम के तोड़ू दस्ते के साथ पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नगर निगम की इस कार्रवाई से कबाड़ व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है, जबकि आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग कार्रवाई देखने के लिए जमा हो गए।















