गायत्री मंदिर स्कूल के पीछे निर्धारित स्थान पर दुकानें संचालित कराने की मांग, गंदगी और बदबू से स्थानीय लोगों की परेशानी का उठाया मुद्दा
कोरबा। शहर के इतवारी बाजार में निर्धारित स्थान के बजाय मुख्य सड़क और सार्वजनिक रास्ते पर मांस, मटन, चिकन एवं मछली की दुकानें संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुरानी बस्ती निवासी रोशन शर्मा ने कोरबा कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता रोशन शर्मा के अनुसार, इतवारी बाजार कोरबा का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र और आम नागरिकों की आवाजाही का महत्वपूर्ण स्थल है। यहां किराना दुकानों, सब्जी विक्रेताओं और कुम्हारों की दुकानें नियमित रूप से लगती हैं। बाजार में लोगों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा पूर्व में मांस, मटन और मछली की दुकानों के संचालन के लिए गायत्री मंदिर स्कूल के पीछे स्थान निर्धारित किया गया था।

इसके बावजूद कुछ व्यापारियों द्वारा निर्धारित स्थान के बजाय मुख्य सड़क और सार्वजनिक रास्ते पर खुलेआम मांसाहारी दुकानों का संचालन किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित स्थान के आसपास स्कूल, मंदिर और गुरुद्वारा भी स्थित हैं, जहां बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों का नियमित आना-जाना रहता है।
सड़कों और नालियों में फेंका जा रहा अपशिष्ट
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि दुकानों में मांस की कटाई के बाद बचे अवशेष और अपशिष्ट पदार्थ सड़क एवं नालियों में फेंक दिए जाते हैं। इससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का वातावरण बना रहता है। मांस के टुकड़ों के कारण आवारा कुत्तों के झुंड भी बाजार में इकट्ठा होते हैं और आपस में लड़ते रहते हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों में भय की स्थिति बनी रहती है।

निर्धारित स्थान पर दुकानें स्थानांतरित करने की मांग
रोशन शर्मा ने कलेक्टर से मांग की है कि आम जनता की सुविधा, स्वच्छता और सार्वजनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मुख्य मार्ग पर संचालित हो रही मांस-मटन एवं मछली की दुकानों को वहां से हटाकर प्रशासन द्वारा पहले से निर्धारित स्थान पर संचालित कराया जाए।
अब देखना होगा कि स्थानीय नागरिक की इस शिकायत पर जिला प्रशासन और नगर निगम क्या कदम उठाते हैं। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।
JB News Korba | मनीष जायसवाल















