कोरबा। शहर के पुरानी बस्ती स्थित इतवारी बाजार में खुलेआम मांस-मटन की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाए जाने को लेकर स्थानीय निवासी ने जिला प्रशासन से शिकायत की है। इस संबंध में रोशन शर्मा ने कलेक्टर कोरबा के नाम आवेदन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि इतवारी बाजार कोरबा का प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों, व्यापारियों और आसपास की बस्तियों के लोगों का आना-जाना लगा रहता है। बाजार की मुख्य सड़क पर किराना दुकानों, सब्जी विक्रेताओं और अन्य व्यापारियों के बीच कुछ मांस-मछली विक्रेताओं द्वारा खुलेआम दुकानें संचालित किए जाने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन के अनुसार, प्रशासन द्वारा मांस-मटन की दुकानों के संचालन के लिए गायत्री मंदिर स्कूल के पीछे निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया गया था, ताकि आम रास्ते पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा निर्धारित स्थान के बजाय मुख्य सड़क पर खुलेआम मांस-मटन की बिक्री किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि सार्वजनिक स्थानों पर जानवरों को काटकर मांस की बिक्री की जा रही है तथा अवशेषों को सड़क और नालियों में फेंक दिया जाता है। इससे आसपास गंदगी और दुर्गंध का माहौल बन रहा है। वहीं, मांस के टुकड़ों को लेकर आवारा कुत्तों के बीच झुंड में लड़ाई होने से राहगीरों और स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल बना रहता है।

शिकायत में स्कूल, मंदिर और गुरुद्वारे के आसपास के क्षेत्र का उल्लेख करते हुए आम नागरिकों की सुविधा और सार्वजनिक स्वच्छता को ध्यान में रखकर कार्रवाई की मांग की गई है।
रोशन शर्मा ने कलेक्टर से मांग की है कि खुलेआम मांस-मटन की बिक्री करने वाली दुकानों पर रोक लगाई जाए तथा सभी संबंधित दुकानों को प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर संचालित कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और नगर निगम इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं और इतवारी बाजार की इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।















