कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कोरबा लोकसभा के पूर्व सांसद श्रद्धेय स्वर्गीय डॉ. बंसीलाल महतो जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कोरबा के विकास में डॉ. महतो जी का योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण उन्हें एक अलग पहचान देता था। वे केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि गरीबों और जरूरतमंदों के लिए हमेशा खड़े रहने वाले जनसेवक थे।
मनीष जायसवाल ने भावुक होकर साझा की अपनी यादें
कोरबा के पत्रकार मनीष जायसवाल ने डॉ. बंसीलाल महतो जी को याद करते हुए कहा कि डॉक्टर साहब के बारे में जितना कहा जाए, उतना कम है। उन्होंने कोरबा के लिए जो कार्य किए और लोगों के दिलों में जो स्थान बनाया, उसे भुलाया नहीं जा सकता।
मनीष जायसवाल ने बताया कि डॉक्टर साहब गरीब-अमीर का भेदभाव किए बिना सभी का इलाज करते थे। गरीब लोगों का निःशुल्क उपचार करना उनकी सेवा भावना का परिचायक था। वे आम लोगों से छत्तीसगढ़ी भाषा में बड़ी आत्मीयता से बातचीत करते थे।
मनीष जायसवाल ने कहा कि जब भी उनकी मुलाकात डॉक्टर साहब से होती थी, वे उन्हें प्यार से ‘बाबूजी’ कहकर संबोधित करते थे। डॉक्टर साहब भी उन्हें कभी डांटकर तो कभी प्यार देकर समझाते थे। उनका अपनापन और स्नेह आज भी यादों में जीवित है।
जायसवाल समाज भवन के निर्माण में भी रहा विशेष योगदान
मनीष जायसवाल ने भावुक होते हुए बताया कि जायसवाल समाज के भवन के निर्माण में भी डॉ. बंसीलाल महतो जी का बहुत बड़ा योगदान रहा। उनका सहयोग और मार्गदर्शन समाज के लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि शायद डॉक्टर साहब का सहयोग नहीं मिलता तो इस भवन का निर्माण संभव नहीं हो पाता।
उन्होंने डॉक्टर साहब के साथ हुई मुलाकातों को याद करते हुए बताया कि वे छत्तीसगढ़ी में बड़े अपनापन से पूछते थे कि ‘बाबूजी, का करथस? हंस बता ला।’ स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बताने पर भी वे अपने सरल अंदाज में समझाते और उपचार करते थे। उनके बोले हुए शब्द आज भी कानों में गूंजते हैं।
मनीष जायसवाल ने कहा कि डॉक्टर साहब का स्नेह, मार्गदर्शन और उनके जीवन से मिली प्रेरणा हमेशा उनके साथ रहेगी।
अंत में मनीष जायसवाल ने कहा –
बाबूजी, आपने कोरबा के लिए जो किया, जो प्यार दिया और गरीबों की जो सेवा की, वह हमेशा याद रखी जाएगी। आपका आशीर्वाद और आपकी यादें जीवनभर प्रेरणा देती रहेंगी।
श्रद्धेय डॉ. बंसीलाल महतो जी को मेरी ओर से कोटि-कोटि नमन एवं भावभीनी श्रद्धांजलि।
ॐ शांति। 🙏💐















