कोरबा, 18 अक्टूबर 2026। कोरबा जिले के वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। रविवार, 18 अक्टूबर को ढेंगुर और बेलगरी पुल से होकर गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दोनों पुलों पर डामरीकरण कार्य के चलते सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। जिला प्रशासन ने लोक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया है।

डामरीकरण कार्य के चलते लिया गया निर्णय
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढेंगुर एवं बेलगरी पुल पर राइडिंग सरफेस को समतल करने के लिए डामरीकरण का कार्य किया जाना है। निर्माण कार्य के दौरान किसी भी तरह की असुविधा और सुरक्षा संबंधी जोखिम से बचने के लिए निर्धारित समय तक दोनों पुलों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने जारी किया आदेश
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, कोरबा द्वारा छत्तीसगढ़ मोटरयान नियम, 1994 के नियम 215 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। यह आदेश 18 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक प्रभावी रहेगा।
घर से निकलने से पहले जरूर रखें ध्यान
रविवार को यदि आपको ढेंगुर या बेलगरी पुल के रास्ते यात्रा करनी है, तो अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। निर्धारित समय के दौरान इन पुलों से गुजरने से बचें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। फिलहाल प्रशासन की ओर से वैकल्पिक मार्ग के संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
JB News Korba की अपील: घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी जानकारी जरूर लें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।















