कोरबा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत 25 अगस्त को जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दूसरे सप्ताह में पुलिस टीमों ने विभिन्न बैंकों, वित्तीय संस्थानों, औद्योगिक एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी।
थाना कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार और चैतमा पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान UPI फ्रॉड, साइबर ठगी, बैंक फ्रॉड और ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों के बारे में लोगों को समझाया गया।

दीपका के यूको बैंक, कटघोरा के SBI बैंक, बांगो के लमना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दर्री के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक एवं शासकीय विद्यालय गोपालपुर, हरदीबाजार के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, बालको के ग्रामीण बैंक एवं ICICI बैंक, उरगा के SBI एवं ग्रामीण बैंक, टीपी नगर के PNB बैंक, कोतवाली क्षेत्र के SBI पुराना बस स्टैंड, करतला के SBI बैंक तथा पसान के SBI कियोस्क सेंटर में पुलिस टीमों ने नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस ने लोगों को समझाइश देते हुए कहा कि OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। इसके अलावा अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी कॉल का जवाब देने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने और फर्जी वेबसाइट पर अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से बचें।

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो घबराएं नहीं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है। पुलिस के अनुसार समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस दिलाने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर अपराध से बचने के लिए हमेशा सतर्क रहें, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं और दूसरों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करें।

JB News Korba Chhattisgarh | Manish Jaiswal
ऐसी ही कोरबा और छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरों के लिए JB News Korba को लाइक, कमेंट, शेयर और सब्सक्राइब जरूर करें।

















