कोरबा में 23 से 25 अक्टूबर तक सजेगा शरदोत्सव, श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता होगी खास आकर्षण

Must Read

बच्चों और महिलाओं के लिए होंगी विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों को मिलेगा अवसर

कोरबा। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति कोरबा एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक परशुराम भवन, कोरबा में शरदोत्सव का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्सव का प्रमुख आकर्षण 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता होगी, जिसके माध्यम से भारतीय संस्कृति, संस्कारों और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में शरदोत्सव को भव्य एवं उत्साहपूर्ण तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया कि चौपाई प्रतियोगिता 25 अक्टूबर, रविवार को रात 8 बजे से प्रारंभ होगी। इसमें सभी आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष प्रतिभागी निःशुल्क भाग ले सकेंगे।

चार आयु वर्गों में होगी श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता

प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में बांटा गया है। इनमें 10 वर्ष तक, 11 से 20 वर्ष, 21 से 50 वर्ष तथा 50 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रत्येक आयु वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग प्रतिस्पर्धा आयोजित की जाएगी।

प्रतिभागियों को श्रीरामचरितमानस की अपनी पसंद की चौपाई का सस्वर वाचन करना होगा। इसके साथ ही चौपाई का अर्थ, भावार्थ और उससे मिलने वाली जीवनोपयोगी शिक्षा को लिखित एवं मौखिक रूप में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रस्तुति के लिए अधिकतम 10 मिनट का समय दिया जाएगा।

प्रतियोगिता में चौपाई के शुद्ध उच्चारण, भावपूर्ण वाचन, अर्थ एवं भावार्थ की स्पष्टता तथा जीवनोपयोगी संदेश की व्याख्या के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक पंजीयन

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक अपना नाम और चयनित चौपाई का पंजीयन कराना होगा। पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए कार्यक्रम संयोजक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा से मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।

बच्चों और महिलाओं के लिए भी होंगी आकर्षक प्रतियोगिताएं

शरदोत्सव के पहले दिन 23 अक्टूबर, शुक्रवार को बच्चों के लिए कुर्सी दौड़, बूझो तो जानें और चम्मच दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में उत्साह, रचनात्मकता और सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।

वहीं, 24 अक्टूबर, शनिवार को महिलाओं के लिए अन्नकूट की थाली, श्रीनाथ की रंगोली और आंगन मंडना प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से पारंपरिक कला, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

समाज के सभी वर्गों से भागीदारी की अपील

मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा एवं महिला मंडल की अध्यक्ष रेणु पुजारी ने समाज के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से शरदोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बैठक में समिति के सचिव शशि शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य बृजमोहन शर्मा, संजय शर्मा, बिमल जोशी, ललित शर्मा, शिव शर्मा, विजय जोशी, महेंद्र शर्मा, विष्णु शर्मा, विजय शर्मा, रवि शर्मा और डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

JB News Korba | मनीष जायसवाल

- Advertisement -
Latest News

‘हनुमान’ फिल्म के बाबा नीम करौली बने शोभनव सत्या, रामलीला में शामिल होने पहुंचे कोरबा,देखिए विडिओ

घंटाघर में रामलीला कार्यक्रम में होंगे शामिल, शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा करेंगे फिल्म से जुड़े अनुभवकोरबा।...

More Articles Like This