कोरबा। शहर की पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए थाना सिटी कोतवाली परिसर में नवनिर्मित थाना भवन का लोकार्पण एवं ई-मालखाना का उद्घाटन किया गया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन एवं बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और नवीन थाना भवन का लोकार्पण किया।
1995 के पुराने भवन की जगह बना नया थाना
सिटी कोतवाली का पुराना थाना भवन वर्ष 1995 में निर्मित हुआ था। करीब 31 वर्षों तक पुलिस सेवाओं का संचालन करने के बाद वर्तमान जरूरतों और आधुनिक पुलिसिंग को ध्यान में रखते हुए नए थाना भवन का निर्माण कराया गया है।

नवीन भवन का निर्माण छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के सहयोग से किया गया है। नए भवन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण के साथ आवश्यक आधुनिक सुविधाओं को शामिल किया गया है। इससे आम नागरिकों को भी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होने की उम्मीद है।

ई-मालखाना बनेगा पुलिसिंग में बड़ा बदलाव
कार्यक्रम के दौरान ई-मालखाना का भी उद्घाटन किया गया। यहां जब्त किए गए माल-मशरूका का रिकॉर्ड कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज और अपडेट किया गया है।
पहले पुराने मामलों में जब्त सामान को लंबे समय बाद तलाशने में कठिनाई होती थी। अब मालखाने में रखे सामान को क्रमबद्ध तरीके से व्यवस्थित किया गया है और प्रत्येक वस्तु की पहचान एवं मार्किंग सुनिश्चित की गई है।

सॉफ्टवेयर में रिकॉर्ड उपलब्ध होने के कारण आवश्यकता पड़ने पर संबंधित माल को आसानी से खोजा जा सकेगा। इससे जब्त सामान के सुरक्षित संधारण, रिकॉर्ड प्रबंधन और पारदर्शिता के साथ-साथ विवेचना एवं न्यायालयीन कार्यवाही में भी सुविधा मिलेगी।

मंत्री और आईजी ने आधुनिक पुलिसिंग पर दिया जोर
वर्चुअल लोकार्पण के दौरान उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नए थाना भवन और ई-मालखाना से पुलिस को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। तकनीक आधारित व्यवस्था से पुलिसिंग को और अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
वहीं बिलासपुर आईजी राम गोपाल गर्ग ने आधुनिक पुलिस अधोसंरचना और ई-मालखाना जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं को पुलिस कार्यप्रणाली के लिए महत्वपूर्ण बताया।

जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सिटी कोतवाली का स्टाफ मौजूद रहा।

नया थाना भवन और डिजिटल ई-मालखाना कोरबा पुलिस की कार्यप्रणाली को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।
JB News Korba | Manish Jaiswal
खबर पसंद आए तो Subscribe करें, Like, Comment और Share जरूर करें।

















