कोरबा, 25सितंबर 2026। ग्राम तुमान, सरईडीह और पकड़िया की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), जिला परिषद कोरबा के नेतृत्व में ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
भाकपा के जिला सचिव पवन कुमार वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम तुमान की लंबे समय से लंबित समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बरपाली से तुमान सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा अब तक लंबित है। इसके अलावा गांव में नाली व्यवस्था नहीं होने के कारण दूषित पानी सड़कों पर बहने तथा प्राचीन तालाब के उत्तरी हिस्से के क्षतिग्रस्त होने से जल-संकट की समस्या बताई गई।
पार्टी के अनुसार, इन समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने 3 अक्टूबर 2019, 27 जून 2023, सुशासन तिहार 2025 और 16 सितंबर 2026 को प्रशासन को पत्राचार किया था। भाकपा द्वारा पूर्व में दिए गए ज्ञापन के बिंदु क्रमांक 8, 9 और 10 में भी इन समस्याओं का उल्लेख किए जाने की बात कही गई है।
कलेक्टर से शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
अधिग्रहित भूमि का लंबित मुआवजा तत्काल प्रदान किया जाए और सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए।
गांव में नाली निर्माण कर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था की जाए।
प्राचीन तालाब का गहरीकरण, मरम्मत और जीर्णोद्धार कराया जाए।
प्रतिनिधिमंडल में भाकपा जिला सह सचिव अनूप सिंह, वरिष्ठ जिला परिषद सदस्य राम मूर्ति दुबे, एन.के. दास, श्याम बिहारी बनाफर सहित तुमान, सरईडीह और पकड़िया क्षेत्र के ग्रामीण प्रतिनिधि शामिल रहे।
JB News Korba | Manish Jaiswal
समाचार पसंद आए तो चैनल को Subscribe करें, Like, Comment और Share जरूर करें। ❤️

















