नई दिल्ली: कुख्यात नार्को किंगपिन पार्वती और उसके एक साथी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है. पार्वती के घर से डायल्यूटेड फॉर्म में ड्रग्स बरामद किया गया है. कभी बड़ी डॉन वाली कुर्सी पर तो कभी ड्रग्स की काली कमाई के साथ नार्को किंगपिन पार्वती की तस्वीरें साफ करती हैं कि पार्वती को क्या पसंद था.
जब वह अपने गैंग को चलाती तो बड़ी कुर्सी पर बैठती, जरूरत पड़ने पर ड्रग्स की डिलीवरी खुद लेने जाती और तस्करी से लेकर स्ट्रीट पैडलिंग तक फैले पूरे धंधे को खुद संभालती थी. पुलिस ने पार्वती के एक साथी को भी गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि पार्वती के घर से चरस और उसका डायल्यूटेड फॉर्म बरामद हुआ है. पुलिस ने लग्जरी SUV भी जब्त की है.
इस महिला पर पहले भी नारकोटिक्स के कई मुकदमे दर्ज हैं. पार्वती 1990 से ड्रग्स के धंधे में शामिल है. पहले कोतवाली इलाके, फिर नॉर्थ दिल्ली, फिर नॉर्थ-वेस्ट और अब कुछ सालों से आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट में यह ड्रग्स का धंधा चला रही थी.
जानकारी के मुताबिक, ड्रग्स बाहर से मंगाया जाता था, फिर तीसरी जगह स्टोर किया जाता था और इसके बाद कई चैनल्स से होते हुए स्ट्रीट पैडलिंग तक पहुंचता था. पुलिस फिलहाल इसकी फाइनेंशियल जांच करा रही है. महिला के तीन बेटे हैं. पुलिस महिला की प्रॉपर्टी और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की जांच भी कर रही है. पुलिस के मुताबिक लेडी ड्रग माफिया पार्वती ने ड्रग के कारोबार से अकूत कमाई की है.

















