अग्निशमन दल ने व्यापारियों को दिया आग बुझाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी वैधानिक कार्रवाई
कोरबा। दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित कर उन्हें लाइसेंस की शर्तों, अग्नि सुरक्षा एवं जनसुरक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसीबी प्रभारी विरासत कुजूर, नगर निगम की ओर से सुमित गुप्ता सहित होमगार्ड अग्निशमन दल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लाइसेंस के अनुसार ही करना होगा पटाखों का कारोबार
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक दुकान में वैध लाइसेंस की प्रति प्रदर्शित की जाए और पटाखों का विक्रय एवं भंडारण केवल लाइसेंस में निर्धारित स्थान और मात्रा के अनुसार ही किया जाए। लाइसेंस की वैधता समाप्त होने के बाद कारोबार करने तथा निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखे रखने पर प्रतिबंध रहेगा।

दुकानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम अनिवार्य
पटाखा दुकानों में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र, रेत और पानी की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीड़ी, सिगरेट, माचिस और खुली आग के उपयोग पर रोक, सुरक्षित विद्युत वायरिंग तथा दुकानों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने पर जोर दिया गया। अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए भी पर्याप्त जगह रखने को कहा गया।

अग्निशमन दल ने दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
बैठक का महत्वपूर्ण पहलू होमगार्ड अग्निशमन दल द्वारा दिया गया प्रशिक्षण रहा। अग्निशमन कर्मचारियों ने व्यापारियों को आग लगने की स्थिति में अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी दी और उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की पूरी जानकारी रखने की सलाह दी गई।
प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर रहेगी रोक
पुलिस ने प्रतिबंधित पटाखों के भंडारण एवं विक्रय पर रोक लगाने के साथ अन्य ज्वलनशील सामग्री नहीं रखने के निर्देश दिए। दुकानों के सामने भीड़ और वाहनों का जमावड़ा नहीं होने देने तथा आपातकालीन निकास मार्ग खुला रखने की हिदायत भी दी गई। नाबालिगों को पटाखों की बिक्री सहित सभी लागू कानूनी प्रतिबंधों का पालन करने को कहा गया।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लाइसेंस की शर्तों और अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने सभी पटाखा व्यापारियों से नियमों का पालन करने, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को सूचना देने तथा दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
कोरबा पुलिस – सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।















