कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर 2026 को भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ कोरबा द्वारा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर राज्योत्सव को पुष्पांजलि उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर कोरबा के उपनगरीय क्षेत्र खरमोरा स्थित स्लम बस्ती नीम चौक में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अटल बिहारी वाजपेयी, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य निर्माण में अटल जी के योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में नगर निगम कोरबा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वर्तमान एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल तथा भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अमित टमकोरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता हितानंद अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के संघर्ष और अटल बिहारी वाजपेयी की दृढ़ इच्छाशक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी के नेतृत्व और संकल्प से अलग छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने राज्य निर्माता अटल जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

वहीं जिला संयोजक अमित टमकोरिया ने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद बीते 26 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम का संचालन झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के नेता एवं कार्यक्रम प्रभारी कुंज द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर भाजपा एवं झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के संजय सारथी, स्मिता सिंह, नीलम साहू, निमेश्वरी पवार (मंडल मंत्री, कोरबा), युवराज चंद्रा, स्वप्निल झा, भागवत केवट, राजकुमार पटेल, रिशु श्रीवास्तव, निर्मला कंवर, पूर्व पार्षद अनिता सकुंदी यादव, फिरतिन बाई, प्रकाश थवाइत, छोटे लाल यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में फल एवं मिठाई वितरित कर सभी को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन के माध्यम से राज्य निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण करते हुए विकसित एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया गया।
JB News Korba | मनीष जायसवाल















