निगम आयुक्त के कथित फर्जी हस्ताक्षर और नकली सील से जारी नियुक्ति पत्र का मामला, नौकरी के नाम पर 1.95 लाख रुपये ठगी का आरोप,देखिए विडिओ

Must Read
Advertisement

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडेय के कथित फर्जी हस्ताक्षर और निगम की नकली सील लगे नियुक्ति पत्र का मामला सामने आया है। नगर निगम में संविदा नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों से कुल 1 लाख 95 हजार 500 रुपये लेने का आरोप पुरानी बस्ती निवासी श्रीकांत राजपूत पिता धर्मेन्द्र सिंह राजपूत पर लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोपी को कथित अधिवक्ता बताते हुए पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, श्रीकांत राजपूत ने खुद को बिलासपुर हाईकोर्ट का वकील बताते हुए नगर निगम में संविदा नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे में पंप हाउस निवासी निर्मला विश्वकर्मा, रूमगड़ा निवासी करण और उसकी बहन ने आरोपी को अलग-अलग किस्तों में फोन और नकद माध्यम से रकम दी।

आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी दिलाने के नाम पर तारीख पर तारीख देता रहा। कई महीनों तक इंतजार करने के बाद जब पीड़ितों ने नियुक्ति को लेकर दबाव बनाया, तो आरोपी ने वीडियो कॉल के माध्यम से नियुक्ति पत्र दिखाया। इसके बाद पीड़ितों ने दस्तावेज की सत्यता की जांच कराई, जिसमें नगर निगम आयुक्त के कथित फर्जी हस्ताक्षर और निगम की नकली सील होने का आरोप सामने आया।

मामले को गंभीर मानते हुए पीड़ितों ने सीएसईबी पुलिस चौकी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं को आशंका है कि नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने अन्य युवाओं से भी रकम ली हो सकती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।

निगम आयुक्त ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने नागरिकों से निगम से संबंधित कामकाज एवं नियुक्तियों के मामलों में पूरी जानकारी और सत्यापन के बाद ही आगे बढ़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के झांसे में आने से पहले संबंधित जानकारी की पूरी पड़ताल करना आवश्यक है। नगर निगम में पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है तथा किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फिलहाल शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कथित फर्जी नियुक्ति पत्र, रकम लेने के आरोप और मामले में अन्य संभावित संलिप्तता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

- Advertisement -
Latest News

🐍 कोरबा में घर के आंगन में निकला 8 फीट का विशाल अजगर, देवउठनी एकादशी की पूजा के बीच मची अफरा-तफरी!देखिए विडिओ

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में देवउठनी एकादशी की पूजा की तैयारियों के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब...

More Articles Like This