दुकान के सामने गिट्टी और सामान रखने को लेकर हुआ विवाद, रोशन साहू के गाल पर आई गंभीर चोट; BNS की धारा 109 के तहत मामला दर्ज
कोरबा, 9 नवंबर। शहर के सीतामणि हटरी इलाके में दुकान के सामने गिट्टी और अन्य सामान रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक घटना में बदल गया। आरोप है कि संतोष प्रजापति ने दो भाइयों रोशन उर्फ रमेश साहू और विकास साहू पर धारदार हथियार (कटर) से हमला कर दिया। घटना में दोनों भाई घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए शिवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 109 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान के सामने सामान रखने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले संतोष प्रजापति ने दोनों भाइयों की दुकान के सामने गिट्टी और अन्य सामान रख दिया था। त्योहार को देखते हुए रोशन साहू ने सामान हटाने के लिए कहा था। आरोप है कि दो दिन बीत जाने के बाद भी सामान नहीं हटाया गया। छोटी दिवाली के दिन रोशन ने फिर से सामान हटाने की बात कही, जिस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि संतोष ने गाली-गलौज की और वहां से चला गया।

सुबह पीछे से आकर किया हमला
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह संतोष पीछे से आया और रोशन साहू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में रोशन के गाल पर गंभीर चोट आई। भाई को बचाने पहुंचे विकास साहू भी घायल हो गए। दोनों को तत्काल शिवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियन हैं रोशन साहू
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घायल रोशन साहू खेल एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वे दो बार SSB का इंटरव्यू दे चुके हैं। इसके अलावा वे NCC कैडेट और MP RDC का हिस्सा भी रह चुके हैं। स्थानीय लोगों ने उन्हें इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियन बताया है। वर्तमान में वे मेडिकल फील्ड में सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं।
घटना में तीन से चार लोगों के शामिल होने का आरोप
स्थानीय लोगों का दावा है कि घटना में तीन से चार लोग शामिल थे, जिनमें एक पुरुष, उसकी पत्नी और दो अन्य सहयोगियों के शामिल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
BNS की धारा 109 के तहत अपराध दर्ज
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि सीतामणि हटरी के पास रोशन साहू पर संतोष प्रजापति द्वारा कटर से हमला किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने BNS की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच एवं कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
JB News Korba | मनीष जायसवाल















