उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने धरती आबा के योगदान को किया याद, जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति पर डाला प्रकाश
कोरबा। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम के समीप स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देश की स्वतंत्रता के लिए उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव शामिल हुए। उनके साथ कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, हथकरघा आयोग के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य, पार्षद, एल्डरमैन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
लखनलाल देवांगन ने किया बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान का स्मरण
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि महान क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को आज पूरा देश याद कर रहा है। उन्होंने अपने संघर्ष, साहस और बलिदान से देश और समाज को नई दिशा दी। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

अरुण साव बोले- जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किया संघर्ष
उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। जनजातीय समाज भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धा के साथ ‘धरती आबा’ कहकर संबोधित करता है। उन्होंने आदिवासी समाज के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया तथा अंग्रेजों से अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस के साथ लड़ाई लड़ी।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, तपस्या और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। उनके संघर्ष और विचारों को स्मरण करते हुए पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है। उनका जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
जनजातीय अस्मिता और गौरवशाली इतिहास को याद करने का अवसर
कोरबा में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान, सांस्कृतिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका को सम्मानपूर्वक याद किया गया। भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्षों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प के साथ जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन संपन्न हुआ।
JB News Korba | मनीष जायसवाल















