कोरबा भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा एकात्म परिसर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर भाजपा की विचारधारा, संगठन की शक्ति, और विकासोन्मुखी नीतियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई, जिससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने “नवगति की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़” विषय पर गहन प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और भाजपा सरकार की विकास केंद्रित नीतियों ने छत्तीसगढ़ को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया है। श्री देवांगन ने उद्योगों, निवेश, रोजगार सृजन, आधारभूत संरचना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में सतत प्रयत्नशील है।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्री मनोज शर्मा ने “भाजपा का इतिहास और स्वर्णिम यात्रा” विषय पर संबोधन देते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि एक राष्ट्रहित में समर्पित विचारधारा है। जनसंघ से लेकर वर्तमान तक के संघर्षों और सफलताओं की गौरवगाथा को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता-आधारित पार्टी है और यह कार्यकर्ताओं की निष्ठा एवं समर्पण का ही परिणाम है कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बन चुकी है।

कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने “मोदी सरकार के 11 स्वर्णिम वर्ष” विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि बीते ग्यारह वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और स्मार्ट सिटी जैसे कार्यक्रमों ने आमजन के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव लाए हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा की कार्यप्रणाली, संगठनात्मक ढांचे और आगामी चुनावी रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी गई। समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल और अधिक ऊँचा हुआ।
उपस्थित प्रमुख गणमान्यजन में रहे: पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, जोगेश लांबा, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, धीरेंद्र यादव, मनीष मिश्रा, ईश्वर साहू, राजेश राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी।

मंच संचालन सरजू अजय ने किया और आभार प्रदर्शन कार्यक्रम प्रभारी नरेंद्र देवांगन ने किया।
यह सम्मेलन न केवल संगठन की शक्ति का प्रतीक रहा, बल्कि भाजपा के जनसेवा एवं राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का प्रेरणास्रोत भी बना। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे और संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।
















