भाजपा में दिवाली की मिठास पर नोटिस का तड़का! भाजयुमो के पदाधिकारियों को अध्यक्ष ने थमाया नोटिस..जवाब-तलब का फरमान, युवा मोर्चा में मची हलचल

Must Read

कोरबा।भाजपा में इन दिनों दिवाली की मिठास कुछ पदाधिकारियों को रास आती नहीं दिख रही है। एक ओर दिवाली मिलन के जरिए मेल-मिलाप और आपसी सौहार्द का संदेश दिया जा रहा है, तो दूसरी ओर युवा मोर्चा में नोटिसों की ऐसी आतिशबाजी हो रही है कि संगठन के भीतर ही हलचल मच गई है। चर्चा है कि किसी को व्यक्तिगत WhatsApp पर नोटिस भेजा जा रहा है तो किसी को ग्रुप में जवाब-तलब किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यह संगठनात्मक अनुशासन है या पदाधिकारियों की सार्वजनिक पेशी का नया चलन?

मामला भारतीय जनता युवा मोर्चा कोरबा का है। जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा ने जिला पदाधिकारी एवं प्रशिक्षण सह प्रमुख विवेक राजवाड़े को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि पदाधिकारी होने के बावजूद वे संगठन के कार्यक्रमों और बैठकों में अनुपस्थित रहते हैं तथा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। इसे संगठन की मर्यादा के विपरीत मानते हुए पूछा गया है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।

दिवाली मिलन में गैरहाजिरी या संगठन से दूरी, असली नाराजगी किस बात की?

इस पूरे घटनाक्रम में दिवाली मिलन समारोह को लेकर भी खूब चर्चा है। राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर दिवाली मिलन में शामिल नहीं होने की इतनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है क्या? हालांकि जारी नोटिस में दिवाली मिलन का स्पष्ट उल्लेख नहीं है, बल्कि बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में अनुपस्थिति को आधार बनाया गया है। लेकिन संयोग ऐसा है कि दिवाली के बाद नोटिसों की चर्चा ने त्योहार की मिठास में राजनीतिक कड़वाहट जरूर घोल दी है।

नोटिस देना जरूरी, लेकिन तरीका भी तो कुछ हो!

संगठन में अनुशासन होना चाहिए, इसमें दो राय नहीं। पदाधिकारी जिम्मेदारी लें और कार्यक्रमों में सक्रिय रहें, यह भी अपेक्षित है। लेकिन सवाल नोटिस जारी करने से ज्यादा उसके तौर-तरीकों पर है। किसी को व्यक्तिगत WhatsApp पर तो किसी को संगठनात्मक ग्रुप में नोटिस दिए जाने की चर्चा है। क्या संगठन के भीतर संवाद और आपसी बातचीत की गुंजाइश खत्म हो गई है? क्या पदाधिकारी की गलती बताने के लिए सार्वजनिक मंच ही सबसे बेहतर माध्यम रह गया है?

नोटिस की प्रतिलिपि भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया को भी भेजी गई है। यानी जिला युवा मोर्चा की यह अंदरूनी हलचल अब संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व तक भी पहुंच गई है।

अनुशासन की पाठशाला या नोटिसों का नया दौर?

अब युवा मोर्चा के भीतर कई सवाल तैर रहे हैं। क्या संगठन में सक्रियता का पैमाना केवल बैठकों में हाजिरी है? क्या किसी कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर सीधे कारण बताओ नोटिस जारी करना ही एकमात्र रास्ता है? और क्या संगठन में नाराजगी, असहमति या व्यक्तिगत व्यस्तताओं के लिए कोई जगह नहीं बची है?

फिलहाल विवेक राजवाड़े, कृष्णा राठौर और निखिल राठौर को तीन दिन में जवाब देना है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। अब देखना होगा कि इस नोटिस का जवाब क्या आता है और संगठन आगे कौन सा कदम उठाता है।

कुल मिलाकर, भाजपा युवा मोर्चा में इस बार दिवाली के बाद मिठाई के डिब्बों से ज्यादा नोटिसों की चर्चा है। सवाल बस इतना है कि संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को जोड़ने की कोशिश हो रही है या नोटिस थमाकर उनकी हाजिरी पक्की कराई जा रही है? क्योंकि राजनीति में दीप जलाने से संगठन रोशन होता है, लेकिन नोटिसों की रोशनी में कई बार अंदर की खींचतान भी साफ दिखाई देने लगती है।

- Advertisement -
Latest News

भगवान श्री सहस्रबाहु जयंती पर 16 नवंबर को कोरबा में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

कटघोरा, पाली, दीपका, बालको, जमनीपाली सहित जिले के ग्रामीण अंचलों से जुटेंगे स्वजातीय बंधुकोरबा। कलचुरी–कलार समाज के आराध्य देव,...

More Articles Like This