कोरबा, 22 सितम्बर 2026 – सार्वजनिक वितरण प्रणाली में चना आपूर्ति बंद होने एवं व्याप्त भारी अनियमितताओं को लेकर आज भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जिला परिषद कोरबा द्वारा मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीश महोदय को ज्ञापन सौंपा गया।
पार्टी के जिला सचिव कामरेड पवन कुमार वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ साथी का. एन. के. दास, का. श्याम बिहारी बनाफर, का. रामू केंवट, का. नरेंद्र कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

ज्ञापन में बताया गया कि गरीब हितग्राहियों से प्राप्त जानकारी अनुसार अगस्त 2025 से नवंबर 2025 तक लगातार 4 माह का चना नहीं दिया गया और पुनः जुलाई 2026 से चना वितरण पूर्णतः बंद कर दिया गया है। यह राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 का घोर उल्लंघन है।
पार्टी ने कहा कि इसके अलावा उचित मूल्य दुकानों में ई-पॉश मशीन का सर्वर डाउन रहना, समय पर राशन न मिलना, दुकानों का अनियमित खुलना आम हो गया है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और मजदूरों को भारी परेशानी हो रही है।
पार्टी की 5 सूत्रीय प्रमुख मांगें :-
- बकाया 4 माह एवं जुलाई 2026 से बंद चना एकमुश्त दिया जाए।
- सभी दुकानों में पर्याप्त खाद्यान्न भंडारण कर समयबद्ध वितरण हो।
- ई-पॉश मशीन की तकनीकी लूट बंद कर स्थायी समाधान किया जाए।
- प्रत्येक दुकान में छायादार प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था एवं शुद्ध पेयजल की मानवीय सुविधा दी जाए।
- कालाबाजारी और लापरवाही बरतने वाले दोषी अधिकारियों/विक्रेताओं पर FIR कर कठोर कार्रवाई हो।

भाकपा ने जनहित में 15 दिवस के भीतर जांच समिति गठित कर कार्रवाई करने की मांग की है।
भवदीय,
पवन कुमार वर्मा
जिला सचिव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी
जिला परिषद – कोरबा (छ.ग.)

















