कोरबा, 22 सितंबर 2026। जिले में सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने कलेक्ट्रेट परिसर में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की आधुनिक एवं वातानुकूलित ब्लड डोनेशन वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, श्री गोपाल मोदी सहित प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



दूरस्थ क्षेत्रों में भी लगाए जाएंगे रक्तदान शिविर
डीएमएफ मद से प्राप्त इस आधुनिक ब्लड डोनेशन वैन के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा सकेंगे। वैन में रक्तदान के लिए आवश्यक सुविधाएं एवं आधुनिक रक्तदान काउच उपलब्ध हैं। चिकित्सकों, लैब तकनीशियनों एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मचारियों की मौजूदगी में रक्तदान की प्रक्रिया कराई जाएगी।


इस पहल से नियमित रक्तदान शिविरों को बढ़ावा मिलने और जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।


वनवासी कल्याण आश्रम में भी होगा रक्तदान शिविर
जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए वनवासी कल्याण आश्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 25 सितंबर को जिला मुख्यालय में दिव्यांग शिविर आयोजित किया जाना निर्धारित है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जिला मुख्यालय में स्थानीय उत्पाद मेले का भी आयोजन किया जाएगा।

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे शिविर

प्रशासन द्वारा ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ ही राजस्व प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।


अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

कोरबा के प्रथम पीपल-वट उद्यान में डिप्टी सीएम ने किया पौधरोपण
वहीं, उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने कोहड़िया स्थित कोरबा के प्रथम पीपल-वट उद्यान में वृक्षारोपण किया। उन्होंने उद्यान को हरा-भरा एवं आकर्षक बनाने के साथ-साथ बच्चों के लिए मनोरंजन और खेलकूद की सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि उद्यान में अधिक से अधिक पौधों का रोपण कर हरित क्षेत्र का विस्तार किया जाए, ताकि आने वाले वर्षों में यहां विकसित पेड़-पौधे नागरिकों को शीतल छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें।

उप मुख्यमंत्री ने उद्यान के नियमित रखरखाव, हरियाली के संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, श्री गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
JB News Korba | Manish Jaiswal
समाचार पसंद आए तो हमारे चैनल को Subscribe करें, Like करें, Comment करें और Share जरूर करें।



















