कलेक्टर समेत अधिकारियों ने किया रक्तदान, सीएमएचओ ने नेत्रदान और काउंसलर ने देहदान की घोषणा; पुलिस ने भी लोगों को किया जागरूक
कोरबा, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को आदिवासी शक्तिपीठ, कोरबा में वृहद विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर एवं महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार का लाभ लिया।
शिविर में 552 लोगों का पंजीयन किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिसिन, शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, दंत रोग, टीबी, नाक-कान-गला और नेत्र रोग सहित विभिन्न सेवाओं के तहत मरीजों की जांच की तथा आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं।

इस दौरान 317 लोगों की बीपी और 317 लोगों की शुगर जांच की गई। नेत्र रोग के 52, स्त्री रोग के 130, हड्डी रोग के 72, दंत रोग के 56, टीबी के 95 तथा नाक-कान-गला संबंधी 38 मरीजों की जांच की गई। आयुष विभाग की सेवाओं का भी करीब 300 लोगों ने लाभ उठाया।
शिविर में 15 आयुष्मान कार्ड, 5 वय वंदन कार्ड और 170 आभा कार्ड बनाए गए। लोगों को योग, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया गया।

कलेक्टर समेत 28 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
महा रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान कराया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, प्रशिक्षु आईएएस तरुण किरण सहित 28 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई और सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। इस अवसर पर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और नियमित रक्तदान के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।

नेत्रदान और देहदान की घोषणा ने दिया प्रेरक संदेश
शिविर के दौरान अंगदान, नेत्रदान और देहदान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी ने नेत्रदान तथा काउंसलर वीणा मिस्त्री ने देहदान की घोषणा करते हुए सहमति पत्र भरा। उनकी इस पहल से लोगों को समाजहित में अंगदान और देहदान के लिए आगे आने का प्रेरक संदेश मिला।

पुलिस ने भी किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की ओर से भी आम नागरिकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को लेकर जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।

मीडिया की भी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में मीडिया की ओर से वरिष्ठ पत्रकार कमलेश यादव एवं JB News के संपादक मनीष जायसवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर की गतिविधियों का जायजा लिया और स्वास्थ्य, रक्तदान तथा जनजागरूकता से जुड़े इस अभियान को कवरेज किया।
सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, रामसिंह अग्रवाल, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन नरेन्द्र देवांगन, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
JB News Korba | मनीष जायसवाल
समाचार पसंद आए तो JB News Korba को Subscribe करें, Like, Comment और Share जरूर करें।

















