उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन बोले—सरकार और जनता के बीच विश्वास व सेवा का सेतु बन रहा अभियान
कोरबा, 04 अक्टूबर 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के टी.पी. नगर जोन कार्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान-अंतर्गत सेवा हेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ एवं ‘सेवा सेतु’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन भी लिए गए। टी.पी. नगर जोन अंतर्गत आयोजित शिविर में कुल 89 आवेदन प्राप्त हुए।
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ सरकार और आम नागरिकों के बीच विश्वास, संवाद और सेवा का सेतु है। सरकार का प्रयास है कि विकास एवं जनकल्याण की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सरलता और सहजता से पहुंचे।
उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा वहां पहुंचे नागरिकों से उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली।
विभिन्न योजनाओं से हितग्राही लाभान्वित
शिविर के दौरान उद्योग मंत्री, महापौर, सभापति, आयुक्त एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। इनमें मोर मकान-मोर आवास योजना के तहत आवास की चाबी, श्रद्धांजलि योजना के चेक, राशन कार्ड, पीएम स्वनिधि योजना के एलओआर, श्रम विभाग की मुख्यमंत्री महतारी योजना के तहत 20 हजार रुपये के चेक, राष्ट्रीय परिवार सहायता, वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति तथा समाज कल्याण विभाग की ओर से श्रवण यंत्र सहित अन्य योजनाओं का लाभ शामिल रहा।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, मुख्यमंत्री नानी सशक्तिकरण सहायता योजना, आयुष्मान योजना सहित अन्य योजनाओं से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की।
सुशासन और नागरिक समस्याओं के निराकरण पर जोर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का शीघ्र निराकरण सेवा संकल्प अभियान का प्रमुख उद्देश्य है और शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने जिला प्रशासन एवं निगम प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि कोरबा के विकास और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण की दिशा में टीम बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लगातार किए जा रहे प्रयासों से कोरबा विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि टी.पी. नगर जोन कार्यालय का नाम ही ‘संकल्प’ है और निगम का प्रयास है कि प्रत्येक सेवा को संकल्प के रूप में लेते हुए नागरिकों तक सुविधाएं अंतिम छोर तक पहुंचाई जाएं।
इन तारीखों में लगेंगे अगले शिविर
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान—सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार’ के तहत आगामी शिविरों का आयोजन इस प्रकार किया जाएगा—
- 06 अक्टूबर — कोरबा जोन
- 08 अक्टूबर — कोसाबाड़ी जोन
- 09 अक्टूबर — पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन
- 10 अक्टूबर — बालको जोन
- 13 अक्टूबर — दर्री जोन
- 14 अक्टूबर — सर्वमंगला नगर जोन
इन शिविरों के माध्यम से भी नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

















