कोरबा, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा में खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य विभाग ने होटलों, रेस्टोरेंट और दुकानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन की किचन में जांच के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और बड़ी संख्या में कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है। किचन में गंदगी और अव्यवस्था भी पाई गई। विभागीय टीम ने बिरयानी राइस का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है और होटल का लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की है।
होटल की किचन में मिली गंभीर खामियां
त्योहारी सीजन के बाद खाद्य विभाग की टीम शहर के होटल और रेस्टोरेंट की जांच कर रही है। इसी अभियान के तहत ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को किचन में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री रखी मिली। इसके साथ ही बड़ी संख्या में कॉकरोच और साफ-सफाई की कमी भी सामने आई। टीम ने बिरयानी राइस का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
साहू जनरल स्टोर से सरसों तेल का सैंपल
खाद्य विभाग की टीम ने बालको भदरापारा स्थित साहू जनरल स्टोर का भी निरीक्षण किया। यहां सरसों तेल में मिलावट की आशंका के चलते नमूना लिया गया है। सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फूडियो रेस्टोरेंट को सात दिन बंद रखने का नोटिस
इससे पहले 18 नवंबर को टीपी नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट की जांच में साफ-सफाई की कमी और खाद्य सामग्री के रखरखाव में अनियमितताएं मिली थीं। रेस्टोरेंट में गंदगी पाए जाने पर संचालक को सात दिनों तक प्रतिष्ठान बंद रखने का नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य अधिकारी विकास भगत के मुताबिक, विभाग की टीम लगातार होटलों और दुकानों का निरीक्षण कर रही है। हालिया जांच में एक होटल की किचन में गंदगी और बड़ी संख्या में कॉकरोच मिलने पर कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान खाद्य सामग्री के नमूने भी लिए गए हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं खराब खाद्य सामग्री के मामले
कोरबा में खाद्य गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई शिकायतें और मामले सामने आए हैं। रिसदी रजगामार चौक स्थित एक होटल से 75 किलो खराब गुणवत्ता की मिठाई जब्त कर मौके पर नष्ट कराई गई थी। वहीं, कटघोरा के मुरली होटल के सांभर में कीड़ा मिलने और दर्री के एक होटल के सांभर वड़ा में फफूंद पाए जाने की घटनाएं भी सामने आई थीं।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद स्थानीय लोगों ने बड़े होटलों के साथ छोटे होटल, ढाबों और सड़क किनारे संचालित फूड स्टॉल की भी नियमित जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि खाद्य सामग्री में गंदगी, एक्सपायर्ड सामान और मिलावट से सीधे स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। ऐसे में केवल नोटिस जारी करने के बजाय लापरवाही करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।















