वेतन भुगतान नहीं होने से भड़के 150 ठेका श्रमिक, SECL गेवरा में 5 दिनों से काम ठप, 6 घंटे तक जोरदार प्रदर्शन,देखिए विडिओ

Must Read


गेवरा/कोरबा। एसईसीएल (SECL) गेवरा परियोजना के अंतर्गत साइलो (SILO) एवं सीएचपी (CHP) निर्माण कार्य में कार्यरत बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के लगभग 150 ठेका श्रमिकों ने वेतन भुगतान नहीं होने पर गुरुवार को श्रमिक चौक में जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले करीब 6 घंटे के प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन और एसईसीएल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, वेतन नहीं मिलने के कारण पिछले 5 दिनों से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप बताया जा रहा है।


श्रमिकों का आरोप है कि जून माह का मेहनताना तय समय सीमा के भीतर नहीं दिया गया। उनका कहना है कि करीब दो माह पहले भी इसी मांग को लेकर एसईसीएल गेवरा के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) कार्यालय का घेराव किया गया था। उस दौरान एसईसीएल के एरिया पर्सनल मैनेजर (APM), बंसल कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच यह सहमति बनी थी कि प्रत्येक माह की 7 से 10 तारीख के बीच सभी श्रमिकों का वेतन अनिवार्य रूप से जारी किया जाएगा। इसके बावजूद इस बार भी समय पर भुगतान नहीं किया गया।


घरेलू खर्चों के बीच बढ़ी आर्थिक परेशानी
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने कहा कि जुलाई-अगस्त के दौरान बच्चों की स्कूल फीस, कृषि कार्य, बिजली बिल, गैस सिलेंडर, राशन और अन्य आवश्यक खर्चों का दबाव रहता है। ऐसे समय में वेतन नहीं मिलने से परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि कंपनी प्रबंधन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रहा है।


‘पेमेंट आएगा तब काम पर आना’ से बढ़ा आक्रोश
श्रमिकों के अनुसार, 10 जुलाई को प्रबंधन ने आश्वासन दिया था कि सोमवार से बुधवार के बीच पूरा भुगतान कर दिया जाएगा। लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ। दोबारा संपर्क करने पर कथित रूप से अधिकारियों ने कहा कि “जब पेमेंट आएगा, तब काम पर आना।” इस जवाब के बाद श्रमिकों का आक्रोश और बढ़ गया तथा पिछले पांच दिनों से कार्य पूरी तरह बंद है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी


प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने मुख्य महाप्रबंधक (CGM) को लिखित ज्ञापन सौंपकर तत्काल वेतन भुगतान की मांग की है। साथ ही कहा कि आंदोलन के कारण परियोजना के कार्य, उत्पादन या शासकीय संपत्ति को होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड और एसईसीएल प्रबंधन की होगी।

- Advertisement -
Latest News

बालकोनगर में आयोजित जगन्नाथ रथ यात्रा उत्सव में उमड़े श्रद्धालु

रामलीला मैदान स्थित श्री गुंडिचा मंदिर में हुई भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा एवं भगवान बलभद्र की स्थापनाबालकोनगर। भगवान जगन्नाथ की...

More Articles Like This