IG राम गोपाल गर्ग ने शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित, विशेष सुसज्जित वाहन से गृह निवास के लिए किया रवाना
बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में 31 अगस्त 2026 को नगर सैनिक क्रमांक 245 श्री व्यासनारायण जायसवाल की सेवानिवृत्ति पर गरिमामय एवं आत्मीय विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री राम गोपाल गर्ग (IPS) के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में कार्यालय के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह में आईजी श्री गर्ग ने नगर सैनिक श्री व्यासनारायण जायसवाल के करीब 38 वर्षों के अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया और सेवानिवृत्ति के बाद सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
1987-88 में शुरू किया था सेवाकाल
श्री व्यासनारायण जायसवाल ने वर्ष 1987-88 में पुलिस विभाग/नगर सेना में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। सेवाकाल के दौरान उन्होंने होमगार्ड लाइन सहित थाना तोरवा, बांगो, पामगढ़, उरगा, पाली समेत विभिन्न स्थानों पर अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया।
वर्ष 2002 से वे लगातार पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर में सेवाएं दे रहे थे। लगभग 24 वर्षों तक आईजी कार्यालय में कार्य करते हुए उन्होंने अपने पदीय दायित्वों का ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निर्वहन किया।
आपदा प्रबंधन और सुरक्षा ड्यूटी में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
सेवाकाल के दौरान श्री जायसवाल ने ओडिशा के भुवनेश्वर में आए विनाशकारी चक्रवात एवं भीषण बाढ़ के दौरान रेस्क्यू टीम के सदस्य के रूप में साहसिक एवं सराहनीय कार्य किया। इसके अलावा मध्यप्रदेश के गुना जिले में चुनावी व्यवस्था एवं सुरक्षा ड्यूटी में भी उन्होंने उत्कृष्ट सेवाएं दीं।
भावुक हुए सेवानिवृत्त नगर सैनिक
विदाई समारोह के दौरान श्री व्यासनारायण जायसवाल भावुक नजर आए। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग एवं अपने सभी सहकर्मियों का गरिमामय विदाई समारोह आयोजित करने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में आईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी सेवाओं की पुनः सराहना की। इसके बाद सेवानिवृत्त नगर सैनिक श्री जायसवाल को विशेष रूप से सुसज्जित वाहन से सम्मानपूर्वक उनके गृह निवास के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री शंकर कश्यप द्वारा किया गया। इस अवसर पर बिलासपुर रेंज कार्यालय में पदस्थ समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने साथी नगर सैनिक को भावभीनी विदाई देते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

















