कोरबा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 अमरैया पारा में सोमवार सुबह एक आवारा सांड के हमले में सातवीं कक्षा का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार पूरा मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत का है। अमरैया पारा निवासी 12 वर्षीय अक्षय कुमार श्रीवास, जो वीनस पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 का छात्र है, घर से ट्यूशन के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक सांड ने उस पर हमला कर दिया। सांड ने अक्षय को सींग से उठाकर पटक दिया, जिससे उसके पेट के निचले हिस्से में गंभीर चोट आई। राहगीरों ने शोर सुनकर किसी तरह सांड को दूर भगाया और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। परिजन गुड्डू श्रीवास ने बताया कि डॉक्टरों ने अक्षय की हालत नाजुक बताई है और सर्जरी की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमरिया पारा और आसपास के क्षेत्रों में आवारा मवेशियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। वार्ड के पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद पति टीकम राठौर ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़कों पर घूम रहे आवारा सांड लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।
नगर निगम का दावा है कि काऊ कैचर टीम के माध्यम से आवारा मवेशियों को पकड़कर गोकुल नगर स्थित कांजी हाउस भेजा जा रहा है, जहां उनकी देखरेख के लिए कर्मचारी तैनात हैं। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर आवारा मवेशियों की संख्या कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है। हाल ही में घंटाघर हेलीपैड के पास आवारा सांडों के आपसी संघर्ष का वीडियो भी सामने आया था, जिसने शहर में बढ़ते पशु आतंक की स्थिति को एक बार फिर उजागर कर दिया है।















